मिर्जापुर , अक्टूबर 15 -- कभी मिर्जापुर की जिलाधिकारी रही दिव्या मित्तल अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत मिर्जापुर से कर रही है।

पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने गुरुवार को जननीति भारत नाम से नई राजनैतिक दल बनाने की घोषणा की। खुद मिर्जापुर शहर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश 2027 के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने की घोषणा की है।उन्होने कहा कि जन से नीति और नीति से भारत, जरुरत से फैसला और फैसले में बराबरी तथा जनता को हिसाब हिसाब से सरकार जैसे ध्येय को साथ में लेकर उनकी पार्टी चलेगी।

नवरात्र में जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री विंध्याचल धाम में थे उसी विंध्याचल धाम से दिव्या मित्तल ने आज अपनी नई पार्टी की घोषणा की। श्रीमती मित्तल यहां नवरात्र के पहले दिन ही पहुंच गई थी। मिर्जापुर में उनका भव्य स्वागत किया गया। पिछले पांच दिनों से एक मजे राजनेता की तरह सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग भी लिया। अपनी विशेष शैली में लोगो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका जादू फिलहाल लोगों के सर चढ़ बोल रहा है विशेष कर युवा उनसे जुड़ भी रहे हैं।

पूर्व आईएएस अधिकारी की नई पार्टी प्रदेश में कितना असर दिखायेगी यह भविष्य के गर्भ में है मगर मिर्जापुर में उनका असर दिखने लगा है। राजनैतिक हलचल यहां जोरों पर है।सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी पार्टी सपा में हलचल आज से ही दिखाई दे रही है। राजनीति विश्लेषक कहते हैं कि अब भाजपा और सपा में टिकटाथिर्यो में कमी आ जाएगी। उनका मानना है कि समीकरण की दृष्टि से शहर सीट उनके लिए मुफीद भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित