नयी दिल्ली , जून 03 -- पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) का 73 वां पूर्ण सत्र गुरुवार को मेघालय के शिलांग में आयोजित किया जा रहा है जिसकी अध्यक्षता गृह मंत्री और परिषद के अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। इस बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास विभाग (डोनर) के केंद्रीय मंत्री परिषद के उपाध्यक्ष ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया; विभाग के राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार; पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री; परिषद के अन्य सदस्य; और केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
डोनर मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार परिषद की इस बैठक से पहले वहां आज बांस, अगरवुड और क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी अष्टलक्ष्मी दर्शन जैसी प्रमुख पहलों और अन्य मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा करने के लिए बुधवार को बैठक आयोजित की गयी है।
पूर्वोत्तर परिषद अधिनियम, 1971 के तहत गठित उत्तर पूर्वी परिषद, पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए सर्वोच्च क्षेत्रीय योजना निकाय के रूप में कार्य करती है और इस क्षेत्र में समन्वित विकास को बढ़ावा देने और सहकारी संघवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कल की बैठक के पूर्ण सत्र में उत्तर पूर्व विजन प्लान 2047 पर आगे विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आजादी के सौ साल पूरे होने तक उत्तर पूर्वी क्षेत्र को आर्थिक विकास,संपर्क, नवाचार, स्थिरता और सांस्कृतिक समृद्धि के एक जीवंत केंद्र में बदलने की एक दीर्घकालिक रूपरेखा प्रदान करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित