नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि पूर्वोत्तर के युवा क्षेत्र के विकास के साथ-साथ विकसित भारत 2047 की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।
श्री सिंधिया ने शुक्रवार को यहां तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित नौवें 'नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट' में पूर्वोत्तर राज्यों से आये विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के युवा क्षेत्र के विकास के साथ-साथ विकसित भारत 2047 की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।
उन्होंने कहा कि नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट पूर्वोत्तर की जीवंत संस्कृति, रचनात्मकता और युवा शक्ति का उत्सव है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में 'माई होम इंडिया' के पिछले 21 वर्षों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों के लिए 'घर से दूर घर' के रूप में शुरू हुई यह पहल आज ऐसा राष्ट्रीय मंच बन चुकी है, जहां युवा देश की विविधता और एकता का उत्सव मनाते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने पूर्वोत्तर की युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं ने खेल, संगीत, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्वोत्तर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान श्री सिंधिया ने नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित