इस्लामाबाद/काबुल , सितंबर 21 -- अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में पाकिस्तान के हवाई हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी।

अफगानिस्तान सरकार ने सोमवार को यह दावा किया।

दूसरी ओर पाकिस्तान ने कहा कि उसने अफगानिस्तान में की गयी सैन्य कार्रवाई में 37 आतंकवादियों को मार गिराया।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसकी सेना ने सीमा के पास खुफिया जानकारी के आधार पर जमीनी अभियान चलाया और इसके बाद उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हाल के हमलों के लिए जिम्मेदार आतंकवादी संगठनों के ठिकानों पर हवाई हमले किये।

बयान में कोहाट और हंगू जिलों में हुए दो घातक आतंकवादी हमलों का भी उल्लेख किया गया, जिनमें पिछले तीन दिनों में 18 पुलिसकर्मियों, छह सैनिकों और छह नागरिकों समेत 30 लोगों की मौत हुई थी।

पाकिस्तान के अनुसार, रविवार को सुरक्षा बलों ने कोहाट और हंगू में आतंकवादियों के एक समूह के खिलाफ जमीनी अभियान चलाया, जिसमें नौ आतंकवादी मारे गयेऔर कई अन्य घायल हुए।

येयान में कहा गया कि तीन ठिकानों को सटीक हमलों में नष्ट किया गया। इनमें आत्मघाती हमलावरों के प्रशिक्षण शिविर भी शामिल थे, जहां 28 "आतंकवादी" और कई आत्मघाती हमलावर मारे गए। शिविरों और ठिकानों में रखे बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी नष्ट कर दिये गये।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा, "यह गंभीर चिंता का विषय है कि अफगानिस्तान आतंकवाद का केंद्र बना हुआ है। पाकिस्तान के लिए खतरा अफगानिस्तान से पैदा हो रहा है।"इस बीच, अफगान अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में हवाई हमले किये, जिनमें कम से कम तीन नागरिक मारे गये और कई अन्य घायल हुए।

अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि स्थानीय समयानुसार सोमवार तड़के करीब तीन बजे कुनार प्रांत के नुरगल जिले में हवाई हमला हुआ। इसमें तीन लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए।

श्री फितरत ने कहा कि पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में कम से कम दो हवाई हमले किए गए, हालांकि इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने "आक्रामकता और अन्याय" की निंदा करते हुए इसे "अपराधों की पुनरावृत्ति" बताया।

उन्होंने एक्स पर कहा, "पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान ने एक बार फिर ऐसा अपराध किया है, जिसका उद्देश्य अपने ही देश में सामने आ रही सुरक्षा संबंधी विफलताओं से ध्यान भटकाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित