रांची , जुलाई 12 -- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास पुलिस ने बहुमूल्य रत्नों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना (एमराल्ड) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। घेराबंदी के दौरान दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50), सिद्धेश्वर कालिंदी (45) और स्नेहाशीष मंगराज (44) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में पैक 1.095 किलोग्राम पन्ना, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 1,840 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं अन्य दो आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एक हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल और 460 रुपये नकद जब्त किए गए।

पुलिस ने कुल 1.095 किलोग्राम पन्ना, दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में खनिज तस्करी और चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के अलावा भारतीय वन अधिनियम, 1927, पुरावशेष एवं बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम, 1972 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित