नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- दिल्ली पुलिस ने गोलीबारी की घटना में शामिल तीन लोगों को मामले दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और इस सिलसिले में हथियार भी बरामद किये।

पूर्वी दिल्ली में शुक्रवार को विवेक विहार थाना में तीन लोगों द्वारा हवा में गोली चलाने की सूचना देने वाली एक पीसीआर कॉल आयी। पुलिस कस्तूरबा अंडरपास के पास मौके पर पहुंची, जहां मुख्य सड़क पर दो खाली कारतूस मिले। मौके पर कॉल करने वाले ने बताया कि गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान उसके चचेरे भाई और आरोपियों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसके बाद हवा में गोलियां चलायी गयी। इस जानकारी और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

शाहदरा जिले के विवेक विहार थाना और विशेष कर्मचारी के पुलिस अधिकारियों को मिलाकर एसीपी विवेक विहार की देखरेख में एक विशेष टीम बनायी गयी। टीम ने लगातार जांच की और घटना में शामिल लोगों के बारे में स्थानीय खुफिया जानकारी जुटायी और जल्द ही संदिग्ध आरोपियों के ठिकाने का पता लगा लिया। संयुक्त प्रयासों के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान 24 वर्षीय प्रथम उर्फ वरुण बुद्धिराजा, 24 वर्षीय धनंजय शर्मा उर्फ बालक और 20 वर्षीय विवेक वर्मा उर्फ यश सोनी के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित