नयी दिल्ली , सितंबर 11 -- पूर्वी दिल्ली में एक व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आज स्कूटी सवार चार लोगों ने कथित तौर पर संजय जैन से करीब 30 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गये। पुलिस ने बताया कि इस झपटमारी के संबंध में पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। पीड़ित संजय जैन ने बताया कि वह अपने घर से गांधी नगर जा रहे थे। रास्ते में चार लोगों ने कथित तौर पर उनसे वह बैग छीन लिया, जिसमें नकदी रखी हुई थी।

पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और बाद में कृष्णा नगर थाने में झपटमारी का मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर तैनात की गयी हैं।

पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल करेगी और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करेगी, ताकि घटना के बाद संदिग्धों द्वारा अपनाए गए रास्ते का पता लगाकर उन्हें चिन्हित किया जा सके।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

इस बीच, इसी पुलिस जिले शाहदरा में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध चाकू बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल वे कथित तौर पर अपराध करने के लिए करने वाले थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित