रायपुर , अप्रैल 06 -- पूर्वी तट रेलवे के संबलपुर रेल मंडल में अवसंरचना कार्य के चलते विशाखापट्टनम-रायपुर-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन को अप्रैल में छह दिनों के लिए रद्द किया गया है।

रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुनिगुड़ा-भीषमकट्टक सेक्शन में आरसीसी सेगमेंट बॉक्स की स्थापना तथा आरपी-230 रिलीविंग गर्डर के लॉन्चिंग एवं डी-लॉन्चिंग कार्य किए जाने हैं। इस कार्य के लिए विभिन्न तिथियों में ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लिया जाएगा।

यात्रियों की सुरक्षा एवं कार्य की सुचारू प्रगति को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 58528 विशाखापट्टनम-रायपुर पैसेंजर तथा ट्रेन संख्या 58527 रायपुर-विशाखापट्टनम पैसेंजर को 09, 11, 13, 20, 23 एवं 25 अप्रैल 2026 को रद्द किया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवन अथवा एनटीईएस ऐप के माध्यम से प्राप्त कर लें। रेलवे ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया कि यह कार्य भविष्य में सुरक्षित और सुगम रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित