मोतिहारी , सितम्बर 27 -- बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण गंडक और लालबकैया समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

वाल्मीकिनगर बैराज से रविवार शाम छह बजे तक 5,01,650 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद जिले के निचले इलाकों में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मोतिहारी से जारी जलस्तर संबंधी आंकड़ों के अनुसार वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में दोपहर दो बजे 4,49,250 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जो शाम चार बजे बढ़कर 4,74,950 क्यूसेक और शाम छह बजे 5,01,650 क्यूसेक हो गया। रात आठ बजे भी जलस्राव 5,01,650 क्यूसेक दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित