मोतिहारी , फरवरी 18 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस के साइबर सेल ने अग्नि एप्प के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाले मुख्य आरोपी संगम कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।

साइबर सेल सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 23 जनवरी 2025 को रक्सौल निवासी अभिषेक कुमार शर्मा ने साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि संगम कुमार (अग्नि एप्प के सीओओ) एवं अन्य अभियुक्तों द्वारा अग्नि एप्प के माध्यम से लुभावने एवं आकर्षक प्लान का झांसा देकर ठगी की गई। ऐप पर मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल भुगतान और अन्य विज्ञापन कार्यों के नाम पर अधिक रिटर्न का लालच दिया जाता था। निवेश बढ़ाने के बाद अचानक ऐप बंद कर दिया गया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना कांड सं०-10/2025, 23.जनवरी 2025 को धारा 418/419/420/34 भारतीय दंड संहिता तथा 66(सी)/66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर साइबर सेल ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।

सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान सेल ने पाया कि आरोपियों ने लोगों को यह विश्वास दिलाया कि जितनी अधिक पूंजी लगाई जाएगी, उतना अधिक मुनाफा मिलेगा। वादी सहित कई पीड़ितों ने ऐप के वॉलेट में बड़ी राशि निवेश की, जिसके बाद आरोपियों ने ऐप को बंद कर दिया और फरार हो गए। इस तरीके से तकरीबन एक करोड़ से अधिक की राशि की आरोपियों द्वारा ठगी की गई है। तकनीकी अनुसंधान में मुख्य आरोपी संगम कुमार के हरियाणा में होने की सूचना मिली। सूत्रों ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक अभिनव परासर के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक की स्वीकृति के बाद टीम हरियाणा के फरीदाबाद पहुंची और मुख्य अभियुक्त संगम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित