मोतिहारी , अक्टूबर 27 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में तुरकौलिया थाना की पुलिस ने चार लाख 95 हजार रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए हैं। सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम की गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारतीय जाली नोटों का हेर-फेर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा स्टेशन के समीप वाहन जांच शुरू की गई।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि दूसरे को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जनरवा निवासी शेख मजीर के पुत्र शेख अयनुल के रूप में की गयी है।

श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के पास से जाली नोटों के दस बंडल बरामद किए गए, जिनकी कुल राशि 4,95,000 रुपये है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपित की पहचान, बरामद जाली नोटों के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित