मोतिहारी , मई 19 -- िहार में पूर्वी चंपारण जिला की पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हाई-टेक एटीएम कटर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बेहद शातिर अपराधियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि 29 अप्रैल की रात को रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मेन रोड बस स्टैंड के पास स्थित एक एसबीआई एटीएम को अपराधियों ने निशाना बनाया था। 'हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित इस एटीएम का अपराधियों ने पहले सायरन और सीसीटीवी कैमरा तोड़ा, फिर गैस कटर से मशीन को काटकर 37 लाख 36 हजार 100 रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद रघुनाथपुर थाना में कांड संख्या 148/26 दर्ज की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने सदर-01 डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक स्विफ्ट डिजायर कार संदिग्ध पाई गई। पुलिस टीम ने जब इस कार के फास्टैग डेटा को ट्रैक किया, तो अपराधियों के भागने का पूरा रूट (रास्ता) साफ हो गया। इसी पुख्ता तकनीकी सुराग के आधार पर मोतिहारी पुलिस की टीम ने हरियाणा के नूह (मेवात) इलाके में लगातार छह दिनों तक कैंप किया और छापेमारी कर दो मुख्य अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान हरियाणा राज्य के नूह जिलान्तर्गत थाना पिनगवा के ओहता साहिल असरूद्दीन और राजस्थान राज्य के खैरतल जिलान्तर्गत गोवालदा निवासी जहुर खां के रूप में की गयी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कार की फास्टैग लिंक नंबर प्लेट, एटीएम काटने वाला पीतल का गैस कटर नोजल और लाल-नीले रंग का पाइप बरामद किया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि यह मेवात का एक कुख्यात और पेशेवर एटीएम कटर गैंग है। इस गैंग ने अकेले बिहार में अब तक आठ बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही इनाम की घोषणा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित