मोतिहारी , जून 24 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की कार्रवाई में 347.8 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरैया थाना पुलिस ने बुधवार की सुबह बाईपास पुल के समीप नेपाल से आ रहे एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान चालक के केबिन के पीछे बने पार्टीशन वॉल में छिपाकर रखे गए 339 किलोग्राम गांजा को बरामद किया गया।

पुलिस ने मुजफ्फरपुर निवासी कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजा की यह खेप नेपाल से छपरा ले जाई जा रही थी। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि घोड़ासहन सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 71वीं वाहिनी एसएसबी, मोतिहारी के बीओपी झांझरा तथा चिरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या-363 के पास भारतीय क्षेत्र में लगभग 14 किलोमीटर अंदर विशेष नाका जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अधेशर गिरी को गिरफ्तार किया गया। संयुक्त टीम ने उसके कब्जे से एक पैकेट में रखा 8.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित