मोतिहारी , अक्टूबर 25 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास हुई सड़क दुर्घटना में गरीबा गांव निवासी उपेंद्र ठाकुर के 30 वर्षीय पुत्र सुभाष ठाकुर की मौत हो गई।
दूसरी घटना नकरदेई थाना क्षेत्र की है। यहां कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल सिरिसिया माल के बीरता टोला निवासी मथुरा साह के 30 वर्षीय पुत्र मनोज साह ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरी सड़क दुर्घटना भोपतपुर थाना क्षेत्र में हुई। पीपरा थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार अपनी 26 वर्षीय पत्नी निर्मल कुमारी और पुत्री के साथ बहन के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन की ठोकर से निर्मल कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जिले के मलाही थाना क्षेत्र के चटिया गांव में 45 वर्षीय अवधेश पटेल का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। पुलिस सूत्रों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
वहीं, पीपरा थाना क्षेत्र में भिरिखिया नदी में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपराकोठी थाना क्षेत्र के चकरघे गांव निवासी 60 वर्षीय रिझन सहनी के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित