मोतिहारी , अक्टूबर 18 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के चकिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से मोटरसाइकिल टकरा गई। बाइक पर सवार मुजफ्फरपुर जिले के कटिया थाना क्षेत्र के जसौली कटिया गांव निवासी रवींद्र राम अपनी पत्नी पूनम देवी, तीन वर्षीय बेटी अनुष्का और भाई जयप्रकाश राम के साथ पिपरा थाना क्षेत्र के सीताकुंड गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को चकिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 35 वर्षीय पूनम देवी और 27 वर्षीय जयप्रकाश राम की मौत हो गई। हादसे में रवींद्र राम और उनकी तीन वर्षीय बेटी अनुष्का गंभीर रूप से घायल हैं।

दूसरी घटना शनिवार की देर शाम पताही थाना क्षेत्र के बोकाने पट्टी गांव में हुई। यहां अज्ञात मोटरसाइकिल की ठोकर से 75 वर्षीय कांति देवी की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं, चोरमा-बैरगनिया भारतमाला सड़क पर शनिवार की देर शाम हुई एक अन्य दुर्घटना में पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के धनौजी गांव निवासी चिमनी व्यवसायी ओमप्रकाश सिंह की 19 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी की जान चली गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के लिए ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित