मोतिहारी , अप्रैल 08 -- िहार में पूर्वी चंपारण जिले के जितना थाना क्षेत्र से पुलिस ने 1370 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जितना थाना की पुलिस को रेगनिया गांव में अवैध शराब की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों को भनक लग गई और वे मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो साइकिल पर लदी शराब बरामद की। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों साइकिलों को भी जब्त कर लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए विशेष टीम को सक्रिय किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित