मोतिहारी , जुलाई 30 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने 'नोट डबल' करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करने के साथ इस मामले में बर्खास्त बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के एक जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जितेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह का पर्दाफाश किया।

एसडीपीओ श्री पांडे ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के 'चिल्ड्रेन बैंक' लिखे नकली नोट, 34 हजार रुपये नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, पुलिस की कई वर्दियां तथा ठगी में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई है।

श्री पांडे ने बताया कि गिरोह लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। विश्वास दिलाने के लिए नकली नोटों का प्रदर्शन किया जाता था और बड़ी रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो जाते थे। प्रारंभिक जांच में गिरोह के लंबे समय से सक्रिय रहने और कई लोगों को ठगी का शिकार बनाने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नौ आरोपियों में दो भोजपुर जिले के निवासी हैं, जबकि सात आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासमन गांव के रहने वाले हैं। बरामद पुलिस वर्दियों के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पुलिसकर्मी होने का प्रभाव दिखाकर अथवा पुलिस कार्रवाई का भय पैदा कर लोगों को अपने झांसे में लेते थे।

एसडीपीओ ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, ठगी के शिकार लोगों की संख्या तथा इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित