मोतिहारी , सितंबर 10 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में घोड़ासहन थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट एवं चोरी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से 53 ग्राम सोना और तीन मोबाइल बरामद किए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, नौ सितंबर को सूचना मिली थी कि घोड़ासहन थाना क्षेत्र के पुरनहिया मोड़ के पास अवैध सोने के आभूषण की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुरनहिया मोड़ के समीप छापेमारी की।पुलिस को देखते ही दो व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के गमभरी निवासी शेख सोबराती और दरपा थाना क्षेत्र के गमरहिया कला निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दोनों के पास से सोना के 12 पीस ढोलना, दो पीस मंगलसूत्र, 10 पीस मारवाड़ी नथ, सात पीस नोज पिन, आठ पीस कान का झुमका, दो पीस जितिया और दो पीस घुंघरू, कुल करीब 53 ग्राम, बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित