मोतिहारी , अगस्त 07 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल युवक की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के कोयला बेलवा पंचायत के पोखरिया टोला निवासी संजय चौरसिया के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। नीतीश कुमार रामायण चौक से अपने घर लौट रहा था, तभी पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर घात लगाए अपराधियों ने उसे गोली मारकर घायल कर दियासूत्रों ने बताया कि घायल नीतीश कुमार को तत्काल चकिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सत्यम उर्फ राजा ने फायरिंग की थी। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल भी बरामद किया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित