मोतिहारी , जून 02 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र स्थित सीमावर्ती सिसवा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार,मृतक की पहचान सिसवा गांव निवासी अरविंद पटेल (25) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय भूलन पटेल का पुत्र था। परिजनों ने बताया कि अरविंद पांच दिन पूर्व पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल गया था। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव पहुंचने के बाद घटना की जानकारी सामने आई।

सूत्रों ने बताया कि मृतक के एक रिश्तेदार ने रक्सौल बाइपास स्थित सुगौली ढाला के पास एक एम्बुलेंस में अरविंद को देखा। संदेह होने पर उसने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद एम्बुलेंस को वापस सिसवा गांव लाया गया। वहां जांच करने पर अरविंद मृत पाया गया।मृतक की मां दुखनी देवी ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की साजिश के तहत जहर देकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि अरविंद दूसरे राज्य में पेंटिंग का काम करता था और हाल ही में घर लौटने के बाद ससुराल गया था।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी समतोलिया देवी, सास, ससुर तथा साले को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

रक्सौल थाना के अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित