मोतिहारी , अक्टूबर 26 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक सेवराहा गांव के रहने वाले थे। मृतकों में एक युवक की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गायघाट चौक पर धान से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान मोतिहारी की ओर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान सेवराहा गांव निवासी 26 वर्षीय मनु कुमार उर्फ मन्नू सिंह और 25 वर्षीय शुभम सिंह के रूप में हुई है। मनु कुमार चड़रहिया के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे और सेवराहा में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चलाते थे। वहीं, शुभम सिंह सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र थे। शुभम की शादी 20 फरवरी 2026 को हुई थी।

हादसे में मानिकपुर हसुआहा निवासी स्वर्गीय विजय सिंह के पुत्र आदित्य सिंह और मटियरिया निवासी रमेश सिंह के 23 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, आदित्य का पटना और गोलू का मुजफ्फरपुर में इलाज चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित