मोतिहारी , अक्टूबर 21 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अलग-अलग हादसों में पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष समेत पांच लोगों की मौत हो गई।सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर और एक किशोरी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक पूर्व सैनिक और दो नाबालिग बच्चियां शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा-हरसिद्धि पथ पर हुई, जहां पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष 58 वर्षीय रविन्द्र पाठक की तेल टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। वे हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के हरसिद्धि संयंत्र में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। ड्यूटी पर जाने के दौरान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पूर्व सैनिक संघ, मोतिहारी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ के अनुसार, भारतीय सेना में सेवा के दौरान रविन्द्र पाठक ने कारगिल युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था। सेवानिवृत्ति के बाद वे सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे और पिछले 15 वर्षों से पूर्व सैनिक संघ, चंपारण के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
दूसरी सड़क दुर्घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बतरौलिया चौक पर हुई, जहां मधुबनी घाट निवासी राजेश्वर सहनी की 12 वर्षीय पुत्री चिंता कुमारी की मौत हो गई। वहीं, पहाड़पुर थाना क्षेत्र में ट्रक की ठोकर से बिशनपुर मटिहारवा मुशहर टोली निवासी लड्डू मांझी की 60 वर्षीय पत्नी अनिया देवी की जान चली गई। वहीं पीपराकोठी थाना क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के सिर और पैर पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
एक अन्य हादसे में पीपरा थाना क्षेत्र के खैरिमल गांव निवासी रूपलाल पासवान की 14 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित