मोतिहारी , सितंबर 27 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से संपर्क के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक के मोबाइल फोन से आतंकवादी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, फोटो और देशविरोधी सामग्री मिली है।

सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सैयाज ने पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से तीन बार संपर्क साधा था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां उसके डिजिटल संपर्कों और नेटवर्क से जुड़े संभावित अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से रविवार को जारी सूचना के अनुसार, 26 सितंबर की रात ढाका थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान स्थित आपराधिक/आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने बिसरहिया गांव के समीप छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान मो. सैयाज आलम, ग्राम बिसरहिया, थाना ढाका, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में की गई।तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में आतंकवादी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, फोटो और देशविरोधी सामग्री/रील्स मिलीं। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को उसके पाकिस्तान के कथित आतंकी नेटवर्क से संपर्क में होने की जानकारी मिली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सैयाज द्वारा पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से तीन बार संपर्क साधे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन संपर्कों की प्रकृति, बातचीत का उद्देश्य और इसके पीछे किसी संगठित गतिविधि की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है। पुलिस बरामद मोबाइल में मौजूद डिजिटल सामग्री, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार युवक सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के कथित 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' से जुड़े अली गुज्जर के संपर्क में था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह संपर्क किस स्तर तक था और इसके माध्यम से किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंच बनाई गई थी या नहीं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित