मोतिहारी , अक्टूबर 14 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक नवविवाहिता समेत दो लोगों की मौत हो गई।
ढाका थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मायके वालों ने उसके पति पर दहेज प्रताड़ना और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, एक अन्य मामले में मधुबन थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ढाका थाना क्षेत्र के बरहरवा सीमन गांव में 22 वर्षीय सोनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत महिला के पिता राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में मनीष शर्मा के साथ बेटी की शादी के दौरान उन्होंने करीब 10 लाख रुपये के सामान दिए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
श्री ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि सोनी के पति का किसी दूसरी महिला से कथित संबंध था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। उन्होंने सोनी की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उसके शरीर पर मारपीट के निशान होने की बात कही। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर ढाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित