मोतिहारी , अक्टूबर 16 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में 24 घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पिपराकोठी में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मोतिहारी-ढाका मुख्य पथ पर पिकअप की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। बाद में मृतक की पत्नी को दाह-संस्कार के लिए 20 हजार रुपये का चेक दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहनापुल के समीप गुरुवार रात अज्ञात वाहन की ठोकर से मोतिहारी के न्यू चांदमारी निवासी अशोक कुमार सिंह का 31 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वह मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर से बाइक से लौट रहा था।मोतिहारी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूसरा हादसा मिश्रौलिया पेट्रोल पंप के समीप हुआ। चिरैया थाना क्षेत्र के बड़का सपगाढ़ा निवासी रघुनाथ सिंह के 30 वर्षीय पुत्र अखिलेश सिंह गुरुवार शाम मोतिहारी से मजदूरी कर टेम्पो से लौट रहा था। सेनुवारिया मोड़ पर उतरकर घर जाते समय पिकअप वैन ने उन्हें ठोकर मार दी। गंभीर रूप से घायल अखिलेश को मोतिहारी के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके साथ मजदूरी कर लौट रहे अरुण महतो और शिवपूजन महतो ने पिकअप को रोककर चालक को पकड़ लिया था। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है।

अखिलेश की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव सड़क पर रखकर आवागमन ठप कर दिया। वे तत्काल मुआवजे का चेक देने या जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। सूचना पर चिरैया के अंचल अधिकारी सुमन सौरभ, राजस्व पदाधिकारी श्रीनिवास प्रसाद, अपर थानाध्यक्ष मधुकर कुमार समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने मृतक की पत्नी सोनी कुमारी को दाह-संस्कार के लिए 20 हजार रुपये का चेक दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित