मोतिहारी , जून 13 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों की श्रृंखलाबद्ध कार्रवाई में 12.43 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अफीम, 1.100 किलोग्राम डोडा (पोस्ता का छिलका), 4 किलोग्राम गांजा तथा 14,300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं और एक कार जब्त की गई है।
बरामद मादक पदार्थो की कीमत तकरीबन 2 करोड़ से अधिक बतायी जाती है। इस मामले में 4 महिलाओं समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 झारखण्ड राज्य के निवासी हैं।
मादक पदार्थों की श्रृंखलाबद्ध कार्रवाई की पहली उपलब्धि डुमरियाघाट थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को मिली। पूर्व सूचना के अनुसार थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर नरसिंह बाबा मंदिर के समीप सघन वाहन जांच चलाया गया। इस दौरान एक कार के गुप्त तहखाना से पुलिस ने 10.54 किलो उच्च गुणवत्ता अफीम बरामद किया। इस दौरान कार में सवार झारखंड राज्य के चतरा जिले के सिकीद निवासी साजन कुमार यादव, मुन्ना कुमार यादव तथा गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के हिरी बागीचा निवासी अनुज कुमार साव को गिरफ्तार किया गया। उनसे प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया खास गांव में छापेमारी कर स्थानीय सप्लायर जितेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित