मोतिहारी , सितंबर 09 -- बिहार में पूर्वी चम्पारण जिले की छतौनी थाना पुलिस ने बैंक रोड स्थित एक होटल में छापेमारी कर देह व्यापार के धंधे में धकेलने के लिए लाई गईं चार नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि छतौनी थाना क्षेत्र के बैंक रोड स्थित 'विद्या राज होटल' में चार नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार कराने के उद्देश्य से लाया गया है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में पुलिस बल, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट मानव तस्करी विरोधी इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की और चारों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि मौके से होटल संचालक सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कुमार (होटल संचालक, बैंक रोड छतौनी), शेख इंताफ (लक्ष्मीपुर मधुमलती, सुगौली), नीरज कुमार (किशुनपुर, पिपराकोठी) और रौशन कुमार (लक्ष्मीपुर गदरिया, रघुनाथपुर) के रूप में की गई है। पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन और होटल का एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया है।
इस संबंध में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित