मोतिहारी , सितंबर 10 -- पूर्वी चंपारण जिले में देह व्यापार से जुड़े मामलों के लगातार सामने आने से पुलिस और प्रशासन के समक्ष इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती बढ़ गई है।

जिला मुख्यालय मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में पिछले छह माह के दौरान ऐसे तीन मामले सामने आए हैं।

हालिया घटनाओं में बैंक रोड स्थित विद्या राज होटल में पुलिस की छापेमारी के दौरान चार नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। पुलिस के अनुसार, लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में धकेलने के उद्देश्य से होटल लाया गया था। कार्रवाई में होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सात मोबाइल फोन और होटल का एंट्री रजिस्टर भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले 11 फरवरी को छोटा बरियारपुर में चीनी मिल के समीप एक झोपड़ीनुमा घर में छापेमारी की गई थी। इस दौरान चार महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से नकदी, आपत्तिजनक सामग्री, स्कैनर मशीन और कई आधार कार्ड बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी थी।

इसके बाद दो मई को बरियारपुर में रेलवे लाइन के किनारे एक झोपड़ी में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, वहां ग्राहकों से डिजिटल माध्यम से भुगतान लिया जाता था और मोबाइल फोन में क्यूआर कोड के जरिए रकम मंगाए जाने की बात सामने आई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित