मोतिहारी , अक्टूबर 22 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।पुलिस सूत्रों के अनुसार मोतिहारी में रुपये और पैतृक संपत्ति के विवाद के बीच 31 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि हरसिद्धि में 60 वर्षीय अधेड़ और संग्रामपुर में 22 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गयी। युवक की मां ने उसकी पत्नी समेत आठ लोगों पर प्रताड़ित करने और संपत्ति विवाद में हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र में मृत युवक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी स्वर्गीय विनोद कुमार साह के पुत्र सुशांक कुमार साह (31) के रूप में हुई है। बुधवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।मृतक की मां अनीता देवी ने नगर थाने में आवेदन देकर अपनी बहू खुशबू कुमारी समेत आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, सुशांक ने मोतिहारी में केटी कॉलेज के समीप जमीन खरीदने के लिए एक व्यक्ति को अग्रिम राशि दी थी। जमीन का सौदा पूरा नहीं होने पर संबंधित व्यक्ति ने नौ लाख रुपये लौटाए थे। आरोप है कि इसमें से दो लाख रुपये उसकी पत्नी और मायके पक्ष के लोगों ने ले लिए थे। इसके बाद शेष आठ लाख रुपये और पैतृक जमीन अपने नाम कराने के लिए सुशांक पर दबाव बनाया जा रहा था।
अनीता देवी ने आरोप लगाया है कि रुपये और जमीन के विवाद में उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई है कि साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। आवेदन के अनुसार , बुधवार की देर रात उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली थी। हालांकि, पुलिस ने हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
एक अन्य घटना में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक पर 60 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतक उज्जैन लोहियार का निवासी था और टेम्पो चलाकर जीविकोपार्जन करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
वहीं, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भुसाहा गांव में 22 वर्षीय रिमझिम देवी का शव फंदे से लटका मिला। वह आलोक मंडल की पत्नी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों मामलों में मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित