मोतिहारी , जून 02 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कोटवा थाना क्षेत्र के एक लाइन होटल पर छापेमारी कर 56 किलोग्राम डोडा और 140 ग्राम तरल अफीम बरामद की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि कोटवा थाना क्षेत्र स्थित "अजीत सिंह के ढाबा" से ट्रक चालकों और स्थानीय तस्करों को बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित मादक पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद उनके निर्देश पर सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जितेश पांडेय और कोटवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान ढाबा परिसर से लगभग 56 किलोग्राम डोडा (अफीम की भूसी) तथा 140 ग्राम तरल अफीम बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थों की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व टाउन थाना क्षेत्र में एक बड़े किराना व्यवसायी के ठिकाने पर छापेमारी कर 394 किलोग्राम डोडा और करीब 73 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों को जिले में नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डोडा अफीम उत्पादन के बाद बचने वाले पोस्ते के छिलकों से तैयार किया जाता है और इसका उपयोग नशीले पदार्थ के रूप में किया जाता है। राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित कुछ लाइन होटलों के माध्यम से इसकी अवैध आपूर्ति ट्रक चालकों और अन्य उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाती है।

पुलिस ने ढाबा संचालक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और इसके पीछे सक्रिय गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित