मोतिहारी , अक्टूबर 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात घर से बुलाकर ले जाए गए एक युवक का शव मंगलवार की सुबह नदी किनारे से बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोमवार की रात करीब आठ बजे गांव के ही सुनील के पुत्र समेत तीन युवक दीपक को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद दीपक वापस नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह उसकी हत्या की सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। दीपक का शव नदी किनारे सड़क के पास पड़ा मिला। प्रथमदृष्टया चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आयी है।

पुलिस को घटनास्थल से दीपक की बाइक की चाबी मिली है। इसके अलावा वहां मीट-भुंजा और शराब के खाली पाउच भी बरामद किए गए हैं। इन वस्तुओं से आशंका है कि वारदात से पहले घटनास्थल पर कुछ लोग मौजूद थे। हालांकि इन सामानों का हत्या से सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट होगा।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। एफएसएल की टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। मृतक को घर से बुलाकर ले जाने वाले युवकों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हत्या की पूरी तस्वीर वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मृतक के मोबाइल समेत अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित