मोतिहारी , जुलाई 08 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज अनुमंडल के मलाही थाना क्षेत्र स्थित बडहरवा गांव से बुधवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत से बरामद किया गया है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान बडहरवा वार्ड संख्या-7 निवासी 35 वर्षीय चन्द्रकिशोर साह के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अधिकांश समय गांव में ही रहता था। बुधवार सुबह गांव के बाहर खेत में उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलने पर मलाही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना परविधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात गांव में एक बारात आई थी और ग्रामीणों ने चन्द्रकिशोर को देर रात लगभग एक बजे तक गांव में घूमते हुए देखा था। इसके बाद वह खेत तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है।
अरेराज के डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट अथवा संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर बारात में शामिल लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि हत्या, दुर्घटना अथवा अन्य किसी भी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित