मोतिहारी , सितंबर 28 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, भंडारण, परिवहन और सेवन के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय नार्को- कोऑर्डिनेशन (एनसीओआरडी) की बैठक में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को समन्वय के साथ नियमित छापामारी अभियान चलाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस की ओर से बताया गया कि पिछले एक माह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 33 मामले दर्ज किए गए और 44 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 775 किलोग्राम गांजा, एक किलोग्राम चरस और 24 ग्राम स्मैक के अलावा एक पिस्टल, 18 मोबाइल फोन, 10 मोटरसाइकिल, पांच चारपहिया वाहन और एक ट्रक जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 16.60 लाख रुपये नकद और 9,000 नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई।
जिलाधिकारी ने सीमावर्ती अनुमंडलों, विशेषकर रक्सौल और ढाका में पुलिस तथा एसएसबी को विशेष सतर्कता बरतने और संयुक्त छापामारी अभियान नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा से सटे आदापुर और घोड़ासहन नारकोटिक्स के दृष्टिकोण से संवेदनशील क्षेत्र हैं, इसलिए इन इलाकों में लगातार निगरानी जरूरी है।उन्होंने सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को तस्करी के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने तथा निरोधात्मक कार्रवाई के दौरान स्थानीय थाना को तत्काल सूचना देने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। अनुमंडल स्तर पर पुलिस प्रशासन, एसएसबी, औषधि नियंत्रण और कृषि विभाग के अधिकारियों की बैठक कर प्रभावी रणनीति तैयार करने को भी कहा गया।
बैठक में 71वीं बटालियन एसएसबी के कमांडेंट ने बताया कि पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में पिछले एक माह के दौरान गांजा, स्मैक और चरस की बरामदगी के साथ तस्करों की गिरफ्तारी की गई है। तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। इसी अवधि में उर्वरक से जुड़े 11 मामले दर्ज किए गए और 75,848 किलोग्राम उर्वरक जब्त किया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नारकोटिक्स और मानव तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा दवा दुकानों पर की जा रही छापेमारी की भी जानकारी बैठक में दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित