मोतिहारी , अक्टूबर 07 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। मृतकों में दो विवाहित और एक नाबालिग किशोरी शामिल है। तीनों घटनाओं के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के नकछेद टोला निवासी जाहिद कुरैशी के 27 वर्षीय पुत्र राजा कुरैशी ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। राजा विवाहित था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दूसरी घटना बंजरिया थाना क्षेत्र के ब्रह्म टोला वार्ड संख्या सात की है, जहां सुजीत साह की 25 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी ने कथित रूप से फंदा लगाकर जान दे दी। थाना अध्यक्ष निभा कुमारी ने बताया कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

तीसरी घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र की है, जहां 15 वर्षीय किशोरी ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित