मोतिहारी , अप्रैल 06 -- पूर्वी चंपारण जिले में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड के दो मुख्य आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान मोतिहारी निवासी सुनील साह और कन्हैया यादव के रूप में हुई है। इनका नाम रघुनाथपुर और तुरकौलिया क्षेत्र में हुए जहरीली शराब कांड से जुड़ा हुआ है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन दबाव बढ़ने पर इन्होंने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

इस कांड में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। मृतकों में चंदू कुमार, प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह, लड्डू साह, विनोद शाह और योद्धा मांझी शामिल हैं।

सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)-01 दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने अवैध शराब के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में अहम सफलता हासिल की है और दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि कन्हैया यादव और उसका भाई लंबे समय से अवैध भट्ठी चलाकर स्प्रिट तैयार करते थे और अपने नेटवर्क के जरिए गांवों में सप्लाई करते थे।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह परसोना और रघुनाथपुर क्षेत्र में सक्रिय था। अवैध शराब 50 रुपये प्रति ग्लास के हिसाब से बेची जा रही थी। इससे पहले पुलिस ने साजन यादव उर्फ खलीफा, सुनील शाह, नागा राय और जम्मू बैठा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित