मोतिहारी , मई 22 -- िहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने पूर्वी चंपारण जिले के 13 कलाकारों को कलाकार पेंशन योजना के तहत पेंशन देने की मंजूरी प्रदान की है। विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के नेतृत्व में आयोजित चयन प्रक्रिया में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी फहाद सिद्दीकी, चयन समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. राजेश अस्थाना, दूरदर्शन तथा आकाशवाणी के प्रतिनिधियों ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की थी। इस दौरान कुल 14 पात्र आवेदनों का चयन कर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, पटना को भेजा गया था।

विभाग की ओर से जिन 13 कलाकारों को पेंशन स्वीकृत की गई है उनमें अंजनी कुमार, संजय कुमार मिश्र, कल्पना देवी, मंकेश्वर प्रसाद वर्मा उर्फ मुकेश वर्मा, कपिलदेव राम, विनोद कुमार तिवारी, राजेश कुमार वर्मा, प्रेम कुमार वाजपेई, विजय वर्मा उर्फ विजय अमित, राम टहल राम, दिनेश कुमार आजाद उर्फ डीके आजाद, ब्रजकिशोर प्रसाद एवं संजय उपाध्याय शामिल हैं। इन सभी कलाकारों को इसी महीने से पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी।

चयन समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. राजेश अस्थाना ने बताया कि जिले में पहली बार कलाकारों को इस प्रकार पेंशन की स्वीकृति मिलने से कला जगत में खुशी का माहौल है। कलाकारों ने बिहार सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित