पटना , फरवरी 01 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के प्रतिभावान तीरंदाज रवि कुमार यादव ने 29 जनवरी से 03 फरवरी तक इम्फाल,मणिपुर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-19 तलवारबाजी के ईपी एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीत कर बिहार का मान बढ़ाया है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने रविवार को बताया कि रवि कुमार यादव ने शनिवार को तलवारबाजी के ईपी एकल स्पर्धा में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए टॉप 32 में असम के आदिल को 15-1 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने प्री क्वार्टर फाइनल में मणिपुर के जेनिथ को 15-11से हराकर क्वार्टर- फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर- फाइनल में जम्मू कश्मीर के रणवीर को 15-9 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि सेमीफाइनल में हरियाणा के प्रिंस हुड्डा से 15-10 से हारकर रवि को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

श्री शंकरण ने कहा कि रवि ने वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर तीन पदक हासिल किया था। जम्मू कश्मीर में आयोजित 68वीं विद्यालय खेल अंडर-17 राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में तलवारबाजी के ईपी एकल स्पर्धा में रजत पदक ,भारतीय तलवारबाजी संघ द्वारा उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा हासिल किया तथा बिहार में आयोजित खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 2025 में तलवारबाजी के ईपी एकल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया ।

श्री शंकरण ने बताया कि जिला स्कूल, मोतिहारी के बारहवीं कक्षा का छात्र रवि एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी है जिसने वर्ष-2025 कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप एवं कैडेट एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रवि खेलो इण्डिया स्कीम के तहत आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे में प्रशिक्षण प्राप्त रहे हैं।रवि की इस सफलता से ना सिर्फ राज्य का नाम रोशन हुआ है बल्कि अन्य खिलाडियों का भी उत्साहवर्धन हुआ है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित