मोतिहारी , अगस्त 25 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस ने एक पीड़ित के खाते से ठगी गई 1,95,526 रुपये की राशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी जानकारी के अनुसार, मोतिहारी साइबर थाना कांड संख्या 176/25 के पीड़ित महेंद्र प्रसाद, पिता दरोगा साह, निवासी नागा रोड, रक्सौल थाना क्षेत्र, पूर्वी चंपारण के साथ बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगी की गई थी।
मामले की जांच के दौरान अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार ने कार्रवाई करते हुए ठगी की गई 1,95,526 रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, इस कांड में इससे पहले भी पीड़ित को 2 लाख रुपये वापस कराए जा चुके हैं। इस तरह अब तक पीड़ित को कुल 3,95,526 रुपये वापस कराए जा चुके हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता, एटीएम या मोबाइल सिम साझा न करें। बिजली बिल अपडेट या बैंक केवाईसी के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल से सावधान रहें और फोन पर किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी विभाग या बैंक फोन पर इस तरह की संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित