मोतिहारी , जून 17 -- पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा सांसद राधा मोहन सिंह ने बुधवार को महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
श्री सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। आधारभूत संरचना, सड़क, रेल, हवाई अड्डों, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं, किसानों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां लोग केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित