मोतिहारी , जून 17 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर अंचल में आयोजित राजस्व महाअभियान के कार्य में अनुपस्थित रहने वाले 16 कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा उनका एक दिन का मानदेय स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विभागीय निर्देश एवं जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में 14 जून 2026 को अंचल कार्यालय कल्याणपुर में राजस्व महाअभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में दो विशेष सर्वेक्षण अमीन तथा 14 पंचायत कार्यपालक सहायक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
अंचल अधिकारी कल्याणपुर ने अपनी प्रतिवेदन में कहा है कि संबंधित कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य संपादित नहीं हो सका, जिससे अभियान प्रभावित हुआ।
प्रतिवेदन के आधार पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित सभी कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए उनका एक दिन का मानदेय स्थगित रखने का निर्देश दिया है।
जिन कर्मियों पर कार्रवाई की गई है उनमें सर्वेक्षण अमीन विकास कुमार और विक्की कुमार के अलावा पंचायत कार्यपालक सहायक मो. सज्जद अंसारी, सुमित कुमार, अमित कुमार राम, दीक्षा भारती, राहुल कुमार, ओमप्रकाश, रविरंजन कुमार, दीपक कुमार, अमृत राज, गुड्डु कुमार साह, सौरभ कुमार, दुखहरण पासवान, जितेंद्र कुमार तथा रेहान आलम शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित