मोतिहारी , मई 23 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने 31 मई तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी, लू (हीटवेव) और अत्यधिक तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
जिला दण्डाधिकारी सौरभ जोरवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया है।
जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 25 मई 2026 से 31 मई 2026 तक पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे के बीच 12वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं होंगी। हालांकि परीक्षा के लिए चलने वाली विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा है कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में राहत मिलने की संभावना नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन और कोचिंग संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे आदेश के अनुरूप शिक्षण कार्य के समय में आवश्यक परिवर्तन सुनिश्चित करें। यह आदेश 23 मई 2026 को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर एवं न्यायालय की मुहर के साथ जारी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित