मोतिहारी , जून 12 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा से 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शुक्रवार की सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 16.780 किलोग्राम गांजा और नेपाली शराब बरामद की है। एसएसबी सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर एफ कंपनी के अंतर्गत बीओपी अठमोहान की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 358/5 के समीप भारतीय सीमा क्षेत्र में छापेमारी कर 16.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि मादक पदार्थ नेपाल से भारत लाया जा रहा था।

एक अन्य कार्रवाई में सीमा स्तंभ संख्या 358/8 के निकट अठमोहान गांव के पास 351 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 105.3 लीटर है।

एसएसबी के अनुसार, दोनों स्थानों पर छापेमारी के दौरान तस्कर बल की गतिविधियों की भनक लगते ही अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिससे किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

सूत्रों ने बताया कि बरामद नेपाली शराब को जितना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए झरोखर थाना को सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित