मोतिहारी , मई 21 -- भारत-नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल बॉर्डर पर अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ पटना विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और रक्सौल थाना पुलिस की संयुक्त कार्यवाई में 30,89,250 की नेपाली और भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी बुधवार को चीनी कारोबारी मोहम्मद शाहिद के ठिकाने पर की गई। शाहिद के खिलाफ लंबे समय से अवैध नेपाली करेंसी के मनी एक्सचेंज कारोबार में संलिप्त होने की सूचना मिल रही थी।

सूत्रों ने बताया कि संयुक्त टीम ने मौके से 17 लाख 85 हजार 100 रुपये नेपाली और 13 लाख 04 हजार 150 रुपये भारतीय मुद्रा नगद बरामद किया। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सीमा पार होने वाले संदिग्ध लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार हवाला नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी सह रक्सौल के थानाध्यक्ष एएसपी हेमंत सिंह ने किया। एएसपी हेमंत सिंह के नेतृत्व में हाल के दिनों में रक्सौल बॉर्डर पर अवैध वित्तीय गतिविधियों और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी कई मामलों में पुलिस को सफलता मिल चुकी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर होने वाले हर संदिग्ध आर्थिक लेनदेन पर पैनी नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित