मोतिहारी , जून 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक कार्यों की डिजिटल रिपोर्ट में मोतिहारी संगठन जिला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिहार के सभी संगठन जिलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में भी इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटे रहने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज ने कहा कि यह सम्मान जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने मंडल, बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा विभिन्न दायित्वों के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर मोतिहारी संगठन जिला को यह गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त हुआ है।

भाजपा के मीडिया प्रभारी गुलरेज़ शहजाद ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया। पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी सतत प्रयास और अनुशासित कार्यशैली के कारण मोतिहारी संगठन जिला पूरे बिहार में शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा।

मोतिहारी विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार, हरसिद्धि विधायक एवं पूर्व मंत्री कृष्णनंदन पासवान, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिब्बुल हक सहित अन्य नेताओं ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी मोतिहारी संगठन जिला इसी प्रकार संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का कार्य करता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित