मोतिहारी , मार्च 10 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पंचपकड़ी थाना क्षेत्र से साइबर सेल की टीम ने फर्जी दस्तावेज के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सुरक्षा एजेंसियों और जिला पुलिस की पैनी नजर के बावजूद भारत-नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में साइबर फ्रॉड का खेल चलता रहा है। पूर्वी चंपारण जिले की साइबर टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय उस गिरोह को बेनकाब किया है, जो विदेशी घुसपैठियों को भारतीय पहचान दिलाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र का 'कारोबार' चला रहा था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के साथ बड़ी मात्रा में फर्जी अभिलेख बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि साइबर थाना अध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक अभिनव पाराशर के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने बसहीं भंडार गांव के एक निजी आवास से दो लैपटॉप, तीन सिलिकॉन अंगूठा, आई-स्कैनर और भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज के साथ बनकटवा गांव निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है।

सूत्रों ने बताया कि बरामद फर्जी दस्तावेजों में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार की मिली रसीदों ने पूर्वी चंपारण के अंतरराष्ट्रीय सीमाक्षेत्र में चल रहे फर्जी नागरिकता के खेल की संभावनाओं को रेखांकित किया है। खुद सुरक्षा एजेंसियां सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले पहचान पत्रों के फर्जीवाड़ा को देखकर आश्चर्य में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित