मोतिहारी , अप्रैल 18 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में हुए भीषण जहरीली शराब कांड के बाद एक बार फिर संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक की मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के टिकैता गोविंदापुर गांव में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है।

परिजनों के अनुसार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के गोविंदापुर ग्रामवासी युवक बनारसी साह ने शुक्रवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में बनारसी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और उसके अंगों के अवशेष को विसरा के रूप में प्रिजर्व कर पुलिस को सौप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब से 33 लोग पीड़ित हुए थे जिनमें से दस लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में तुरकौलिया प्रखंड के बिजुलपुर मिडिल स्कूल का टोला सेवक मुकेश राम को शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया था। वह बिजुलपुर जिरात के समीप अपनी किराना दुकान के आड़ में शराब बेच रहा था।

इससे पूर्व जहरीली शराब कांड में जांच एजेंसियों ने तुरकौलिया थाना क्षेत्र के परसौना ग्राम के चौकीदार भरत राय के रिश्तेदार नागा राय की जहरीली शराब को परोसने में संलिप्तता उजागर हुई थी। उसके बाद जांच में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के चौकीदार सुरेश यादव के भाई रूपेश यादव की संलिप्तता पायी थी। दोनों ही मामलों में मौत के इन सौदागरों को अपने रिश्तेदार चौकीदारों का संरक्षण प्राप्त था। पुलिस ने चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित