पटना , जनवरी 12 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो अंचल के राजस्व कर्मचारी सोनु कुमार को पांच हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र के धरहरी गांव निवासी और परिवादी रामबाबू प्रसाद ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि राजस्व कर्मचारी सोनु कुमार के द्वारा जमीन का परिमार्जन करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता विंध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त सोनू कुमार को पांच हजार रूपये रिश्वत लेते हुए पूर्वी चम्पारण जिला स्थित प्रखण्ड छौड़ादानो के भेलवा पंचायत के मुखिया मदन साह के निजी कार्यालय से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फपुर निगरारी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित