मोतिहारी , जुलाई 10 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के गरहिया थाना क्षेत्र के खोदादपुर गांव स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में चौकीदार बहाली को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह और बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी शंभू भगत को करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद लगातार छापेमारी कर उसके तीन पुत्रों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में चौकीदार की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शंभू भगत और उसके परिजन अपने समर्थित व्यक्ति की नियुक्ति कराने के लिए शिक्षा समिति अध्यक्ष उमेश सिंह पर दबाव बना रहे थे। उमेश सिंह ने नियुक्ति केवल मेधा सूची और निर्धारित नियमों के अनुसार किए जाने की बात कही। इसी से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला भी हमले की शिकार हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी है।
डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, डीएसपी कुमार चंदन के नेतृत्व में राजेपुर थाना क्षेत्र में नशा तस्करों के विरुद्ध भी विशेष अभियान जारी है। पुलिस ने कई संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित