मोतिहारी , मई 31 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार,एनसीबी को खुफिया जानकारी मिली थी कि हिंदरी बाजार में एक किराना दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्यूरो के अधिकारियों ने करीब एक सप्ताह तक सादे कपड़ों में इलाके की निगरानी और रेकी की। पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद एनसीबी और नगर थाना पुलिस ने जाल बिछाया और शहर के हिंदरी बाजार क्षेत्र मेंछापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 394 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा (अफीम का भूसा) और 73 लाख की भारतीय मुद्रा बरामद की है। इस मामले में किराना व्यवसायी पप्पू जायसवाल उर्फ पप्पू साह और उसके एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के आवासीय परिसर से भी अतिरिक्त नगदी मिलने की पुष्टि हुई है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था और इसका नेटवर्क बिहार के बाहर अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच के दायरे में मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर क्षेत्र में संचालित एक लाइन होटल और आरोपी की अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी आ चुकी हैं।
नगर थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने इसे संयुक्त अभियान की एक बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा कि अब इस मामले के आर्थिक पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी के बैंक खातों, संपत्तियों और संभावित बेनामी लेन-देन को खंगाला जा रहा है। एनसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे इस पूरे सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़कर इसमें शामिल अन्य सफेदपोशों और तस्करों को बेनकाब किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित