मोतिहारी , अगस्त 23 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम कार और ऑटो रिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुंडवा चैनपुर से गुड़हनवा जाने वाली मुख्य सड़क पर अमवा पुल के समीप तेज रफ्तार से आ रही कार ने ऑटो रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।इसी दौरान साइकिल से वहां से गुजर रहे तेल्हारा गांव निवासी 55 वर्षीय इनरदेव साह भी कार की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, ऑटो रिक्शा में सवार राजेंद्र दास के दो वर्षीय नाती ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।दुर्घटना में राजेंद्र दास की बहू और पत्नी समेत ऑटो रिक्शा चालक बिकाऊ कुमार, निवासी गुड़हनवा, तथा अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक के नशे में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। कार सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों तथा कार चालक के नशे में होने के आरोप की जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित